3 साल से फरार स्थाई वारंटी गिरफ्तार, ‘ऑपरेशन हवालात’ में देवास पुलिस की कार्रवाई,
देवास। जिले में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन हवालात” के तहत देवास पुलिस को एक और सफलता मिली है। थाना कांटाफोड़ की चौकी बिजवाड़ पुलिस ने चेक बाउंस मामले में करीब 3 वर्षों से फरार चल रहे स्थाई वारंटी आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में 1 नवंबर 2024 से जिले में “ऑपरेशन हवालात” चलाया जा रहा है, जिसके तहत लंबे समय से फरार इनामी बदमाशों और गंभीर मामलों के आरोपियों की गिरफ्तारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इसी क्रम में चौकी बिजवाड़ थाना कांटाफोड़ पुलिस ने प्रकरण क्रमांक SCNIA/98/2023 धारा 138 एनआईए (चेक बाउंस) के मामले में फरार स्थाई वारंटी जयसिंह पिता नारायण परिहार निवासी बिजवाड़ को गिरफ्तार किया। आरोपी करीब तीन वर्षों से पुलिस गिरफ्त से दूर था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन के मार्गदर्शन और एसडीओपी बागली सृष्टि भार्गव के निर्देशन में थाना प्रभारी कांटाफोड़ निरीक्षक के.एस. परस्ते व चौकी प्रभारी बिजवाड़ उप निरीक्षक विजेंद्र सोलंकी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही थी।
14 मार्च 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी जिले में देखा गया है। सूचना के आधार पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार, “ऑपरेशन हवालात” के तहत 1 नवंबर 2024 से अब तक देवास जिले में 873 फरार, स्थाई व गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन आरोपियों पर कुल 1 लाख 76 हजार 500 रुपए का इनाम घोषित था।













