अपना जिलाक्राइमख़बरे जरा हटकेदेश-विदेशपुलिस प्रशासनप्रदेश

देवास पुलिस की कार्रवाई: बिहार के कटिहार से साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार, ₹5 लाख नकद बरामद,

बैंक अधिकारी बनकर पेंशन कार्ड अपडेट और टैक्स में छूट का दिया था झांसा, सेवानिवृत्त कर्मचारी से ₹6.03 लाख की ठगी

देवास। साइबर ठगी के मामले में देवास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिहार के कटिहार जिले से 21 वर्षीय आरोपी सचिन कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम में से ₹5 लाख नकद बरामद किए गए हैं। एलआईसी से सेवानिवृत्त 62 वर्षीय कर्मचारी मनोहर लाल सिलोदिया को बैंक अधिकारी बनकर पेंशन कार्ड अपडेट कराने और टैक्स में छूट दिलाने का झांसा देकर ₹6.03 लाख की ठगी की गई थी।

पुलिस के अनुसार, मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 565/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर गठित टीम ने बैंकिंग लेनदेन, मोबाइल नंबरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके बाद पुलिस टीम ने करीब 1500 किलोमीटर दूर कटिहार पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया।

आरोपी सचिन कुमार, निवासी खुदनारुपसपुर, थाना रौतारा, जिला कटिहार (बिहार) की निशानदेही पर उसके घर की अलमारी से ₹5 लाख नकद जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और जांच में साइबर ठगी के नेटवर्क के तार झारखंड के जामताड़ा से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी की शेष राशि के संबंध में पूछताछ कर रही है।

ई-जीरो एफआईआर में अब तक 26 आरोपी गिरफ्तार

देवास पुलिस के अनुसार, ई-जीरो एफआईआर व्यवस्था के तहत जिले में अब तक 130 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें 26 आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल ₹98.52 लाख की राशि जब्त की गई है।

वहीं, पुलिस के ऑपरेशन साइबर के तहत 1 नवंबर 2024 से अब तक साइबर ठगी के मामलों में ₹3.89 करोड़ से अधिक की राशि पीड़ितों को वापस कराई गई है। इसके अलावा विभिन्न शिकायतों में ₹5.27 करोड़ से अधिक की राशि होल्ड कराई गई है, जिसे वैधानिक प्रक्रिया के बाद संबंधित आवेदकों को लौटाया जाएगा।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत चौरसिया सहित कोतवाली पुलिस और साइबर सेल देवास की टीम की भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button