देवास में मकान से 10 लाख रुपये से अधिक के पटाखे जब्त, आरोपी गिरफ्तार

चंद्र तारा कॉलोनी में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त दबिश, 87 प्रकार के पटाखों के 21 कार्टन मिले
देवास। दीपावली पर्व से पहले अवैध पटाखा भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चंद्र तारा कॉलोनी स्थित एक मकान से 10 लाख रुपये से अधिक कीमत के पटाखे जब्त किए हैं। मामले में मकान मालिक रजत अग्रवाल (34) को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चंद्र तारा कॉलोनी स्थित मकान नंबर 281 में अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री का भंडारण किया जा रहा है। सूचना मिलते ही कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, तहसीलदार और थाना प्रभारी की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।

87 प्रकार के पटाखों के 21 कार्टन जब्त
तलाशी के दौरान मकान से 87 विभिन्न प्रकार के पटाखों के कुल 21 कार्टन बरामद हुए। जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत 10 लाख 558 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने रजत अग्रवाल पिता स्वर्गीय मूलचंद अग्रवाल, निवासी मकान नंबर 281, चंद्र तारा कॉलोनी, देवास के विरुद्ध अपराध क्रमांक 351/2026 के तहत धारा 288 बीएनएस, धारा 163(1) बीएनएसएस एवं विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9(ख) में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है।
रहवासी इलाकों में अवैध भंडारण पर प्रशासन सख्त
प्रशासन द्वारा पटाखों के अवैध भंडारण और विक्रय पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, निर्धारित लाइसेंस शर्तों, भंडारण क्षमता और अग्नि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि रहवासी क्षेत्रों में पटाखों का अवैध भंडारण दिखाई देने पर तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम या डायल-112 पर सूचना दें।












