अवैध कॉलोनी में निर्माण हुआ तो तत्काल तोड़ें, FIR भी दर्ज कराएं— निगमायुक्त

कार्य में प्रगति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों व स्वच्छता निरीक्षकों को सूचना पत्र
देवास। समयावधि पत्रों एवं सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा निगमायुक्त दलीप कुमार ने सोमवार को निगम बैठक हाल में की। उन्होंने विभिन्न योजनाओं और निगम कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के आवेदनों की संख्या बढ़ाने, पात्र हितग्राहियों से संपर्क करने तथा क्रेडिट कार्ड आवेदनों में प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। संबल, कर्मकार कल्याण एवं मानधन योजना के आवेदनों तथा ई-केवाईसी में भी तेजी लाने को कहा गया।
अवैध से वैध नल कनेक्शन, सीवरेज कनेक्शन और अमृत 2.0 के तहत नल कनेक्शन के कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों एवं स्वच्छता निरीक्षकों को सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए।
सड़क पर विचरण करने वाले आवारा मवेशियों को पकड़कर गौशाला भेजने के लिए गठित टीम में आदेश का पालन नहीं करने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारी को दिए गए।
मैरीज गार्डनों के संपत्तिकर खातों में सुधार, संपत्तिकर एवं कचरा संग्रहण शुल्क की वसूली की भी समीक्षा की गई। जिन मैरिज गार्डनों से कचरा संग्रहण शुल्क जमा नहीं हो रहा है, उन्हें सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए।
अवैध कॉलोनियों को लेकर निगमायुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अवैध कॉलोनी में किसी भी प्रकार का निर्माण नहीं होना चाहिए। यदि निर्माण किया जाता है तो उसे तत्काल तोड़ा जाए और संबंधित के खिलाफ पुलिस प्राथमिकी दर्ज कराई जाए।
अमृत हरित अभियान के तहत लगाए जा रहे पौधों की जानकारी लेकर उन्हें पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए गए। सड़क संकेतक, स्मार्ट फिश कॉर्नर एवं अन्य कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
जीर्ण-शीर्ण भवनों के संबंध में जारी सूचना पत्रों पर कार्रवाई करने तथा सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन और समयावधि पत्रों की शिकायतों का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए गए। सभी उपयंत्रियों को लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का एक सप्ताह में शत-प्रतिशत निराकरण करने को कहा गया।





















