अपना जिलाक्राइमख़बरे जरा हटकेदेश-विदेशपुलिस प्रशासनप्रदेश

भोपाल के शातिर नकबजन ने देवास में की चोरी, कोतवाली पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार,

करीब 5.60 लाख रुपए का मशरूका बरामद, चोरी के जेवर गलाकर बनवा लिया था सोने का ढिल्ला

देवास। दीपावली पर परिवार सहित गांव गए एक व्यक्ति के सूने मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने वाले भोपाल के शातिर नकबजन को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी के आभूषण खरीदने वालों सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 5.60 लाख रुपए कीमत का मशरूका बरामद किया है। इसमें चोरी के आभूषणों को गलाकर तैयार कराया गया सोने का ढिल्ला और चांदी शामिल है।

पुलिस के अनुसार, फरियादी अश्विन विश्वकर्मा निवासी गजरा गियर्स कॉलोनी, देवास 7 नवंबर को परिवार सहित दीपावली मनाने अपने पैतृक गांव गए थे। इसी दौरान 7 और 8 नवंबर की दरमियानी रात बदमाशों ने उनके सूने मकान का दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया और पलंग पेटी में रखे शादी के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी कर ली। मामले में कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 791/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने भोपाल निवासी मुख्य आरोपी युनुस उर्फ भूरा सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। चोरी के आभूषण खरीदने वाले आरोपियों की भी पहचान कर कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों में युनुस उर्फ भूरा (40), अमित कुमार (30) और इरफान (38) शामिल हैं।

मुख्य आरोपी युनुस उर्फ भूरा के विरुद्ध भोपाल के निशातपुरा थाने में नकबजनी और चोरी के 6 तथा आबकारी एक्ट का एक प्रकरण सहित कुल 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से इरफान को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया, जबकि युनुस उर्फ भूरा और अमित कुमार को 30 नवंबर 2026 तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस शेष मशरूका की बरामदगी के लिए पूछताछ कर रही है।

कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत चौरसिया सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button