अपना जिला

देवास न्याय न मिलने पर पीडि़त अरूण सोनी ने दी आमरण अनशन की चेतावनी

देवास। चार वर्ष बीत जाने के बाद भी कम्पनी एवं ठेकेदार पर कार्रवाई नहीं होने से आहत पीड़ित अरूण सोनी ने जिला कलेक्टर को आमरण अनशन की अनुमति हेतु आवेदन दिया है। पीड़ित ने बताया कि वह एक निजी कम्पनी में कार्यरत थे, जहां कम्पनी व ठेकेदार की लापरवाही के कारण उनका पैर गंभीर रूप से जल गया था। घटना के बाद से अब तक कथित सांठगांठ के चलते कंपनी और ठेकेदार के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी के चलते पीडि़त बेरोजगार हो गया है और न्याय के लिए लगातार भटक रहा है। सोनी ने बताया कि उन्होंने उज्जैन रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक को भी शिकायत दी थी, जहां औद्योगिक थाना प्रभारी को 3000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया गया, जिसकी जानकारी सीएम हेल्पलाइन के जरिए मिली थी, लेकिन इससे उन्हें कोई वास्तविक न्याय नहीं मिल पाया। पीडि़त का आरोप है कि मेडिकल बोर्ड द्वारा उनकी गलत रिपोर्ट तैयार की गई, जिसकी शिकायत उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पर की है, लेकिन प्रकरण अब तक लंबित है। उन्होंने बताया कि लगातार मानसिक तनाव और बीमारी के चलते उनका परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है। अरूण सोनी ने आरोप लगाया कि उन पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वह आमरण अनशन के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी, कम्पनी और ठेकेदार की होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button