देवास कलेक्टर का बागली में औचक निरीक्षण, पेवर ब्लॉक फैक्ट्री सील करने के निर्देश

कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत बागली विकासखंड के स्कूल, आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र और उचित मूल्य दुकान का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान धानीघाटी में ओवरलोड मुरम से भरे डंपर को रोककर रॉयल्टी की जांच की गई। रॉयल्टी नहीं मिलने पर कलेक्टर ने खनिज अधिकारी को डंपर जब्त कर चालान काटने और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
पास ही स्थित झांझा इंटरप्राइजेस पेवर ब्लॉक निर्माण फैक्ट्री की जांच में लेबर रजिस्ट्रेशन नहीं मिला। साथ ही मजदूरों के बच्चों को खतरनाक मशीनों के पास सुलाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। श्रम नियमों के उल्लंघन और अतिक्रमण पाए जाने पर एसडीएम को फैक्ट्री सील करने तथा अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों की उपस्थिति, भोजन और नाश्ते की व्यवस्था देखी तथा केंद्र समय पर खोलने के निर्देश दिए। शासकीय विमुक्त जाति बालक आश्रम में कक्षाओं, किचन और साफ-सफाई का निरीक्षण भी किया।
ग्राम नेवरी की उचित मूल्य दुकान में कलेक्टर ने स्टॉक रजिस्टर की जांच की और गेहूं-चावल की बोरियों का मौके पर वजन कराया। वजन मानक के अनुरूप पाया गया। राशन की गुणवत्ता भी परखी गई। दुकान में नमक का अधिक स्टॉक मिलने पर संबंधितों से जवाब-तलब किया गया।
कलेक्टर ने सहकारी सोसायटी में खाद-बीज एवं कीटनाशक वितरण की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों से निर्धारित दर से एक रुपया भी अधिक वसूला गया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। परिसर में रेट लिस्ट प्रदर्शित करने के भी निर्देश दिए।

























