वन अमले पर हमले के मामले में 4 आरोपी को मात्र 4 घंटे में पुलिस ने किया गिरफ्तार,

देवास जिले के ग्राम भील आमला में वन विभाग द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान शासकीय अमले पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी कार्रवाई कर रहे थे, तभी करीब 20-25 लोगों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। आरोपियों ने शासकीय वाहनों और जेसीबी मशीन में तोड़फोड़ की, जिससे नुकसान हुआ। घटना में वन विभाग के पांच कर्मचारी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना कमलापुर में भारतीय न्याय संहिता तथा लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने लगातार दबिश देकर घटना के मात्र चार घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में शिवम डाबर (24), विशाल बुंदेला (26), मंसाराम (50) और धन्नालाल बामनिया (50), सभी निवासी ग्राम भील आमला शामिल हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।









