देवास नगर निगम की प्राइवेट गाड़ियों पर पार्षद खुशबू वर्मा के सवाल, ठेकेदार को नोटिस,

देवास। नगर निगम परिषद की बैठक में वार्ड क्रमांक 37 की पार्षद खुशबू वर्मा ने निगम में उपयोग की जा रही प्राइवेट पासिंग गाड़ियों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि नगर निगम के अधिकारी प्राइवेट नंबर की गाड़ियों का उपयोग क्यों कर रहे हैं और व्यावसायिक वाहनों की जगह ऐसी गाड़ियों को किराए पर लेने का आधार क्या है?
पार्षद ने आरोप लगाया कि यदि नियमों के विपरीत प्राइवेट पासिंग वाहनों का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है, तो इससे शासन को मिलने वाले टैक्स की हानि की आशंका है। उन्होंने आरटीओ विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की।

मामले में चर्चा के बाद नगर निगम द्वारा संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है। अब यह जांच का विषय है कि गाड़ियों का उपयोग किन नियमों और शर्तों के तहत किया गया तथा ठेकेदार को भुगतान किस आधार पर किया गया।
हालांकि टैक्स चोरी या अधिकारियों-ठेकेदार की मिलीभगत के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले में नगर निगम और परिवहन विभाग की आगामी कार्रवाई पर नजर रहेगी।



























