देवास के सोनकच्छ में अवैध शराब की शिकायत की रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर, एसपी कार्यालय में दिया आवेदन

आज बच गया, अगली बार जान से मार देंगे, युवक पर हमला कर बदमाशों ने दी खुली धमकी
देवास। जिले के सोनकच्छ में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर लोहे के पाइप से हमला किए जाने का मामला सामने आया। घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार वी वन अस्पताल में जारी है। मामले में पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर सभी आरोपियों के नाम रिपोर्ट में शामिल नहीं करने का आरोप लगाया है। डाक बंगला रोड, सोनकच्छ निवासी भूरी बाई पति राजेन्द्र जाट ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दिए आवेदन में बताया कि उनका पोता वैभव जाट 15 मई 2026 को मोबाइल लेने के लिए घर से निकला था। आरोप है कि रास्ते में हनुमान मंदिर के पास तिलकराज चौहान एवं विराज बैस स्कूटी से पहुंचे और लोहे के पाइप से लैस होकर वैभव का रास्ता रोक लिया। दोनों आरोपियों ने कथित रूप से युवक को शिव शक्ति चौक ले जाकर मारपीट की, जिससे उसके हाथ, घुटने और पैरों में गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान अजय उर्फ नाना राजपूत द्वारा बीच-बचाव किए जाने की बात भी सामने आई है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी प्रितम बैस, अर्जुन बैस, राज बैस एवं गब्बर माली के कहने पर हमला किया गया। भूरी बाई ने आरोप लगाया कि करीब दो माह पूर्व वैभव जाट द्वारा अवैध शराब की शिकायत की गई थी, जिसके कारण रंजिशन यह हमला कराया गया। घायल वैभव जाट को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पीड़ित परिवार के अनुसार सोनकच्छ पुलिस थाना में अपराध क्रमांक 263/2026 दर्ज किया गया है, लेकिन शिकायत में बताए गए सभी आरोपियों के नाम एफआईआर में शामिल नहीं किए गए। परिवार ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई एवं गिरफ्तारी की मांग की है।












