ऑपरेशन त्रिनेत्रम की बड़ी सफलता: 12.50 लाख की चोरी का माल बरामद, 4 आरोपी गिरफ्तार,

देवास कोतवाली पुलिस ने “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” के तहत दो सूने मकानों में चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 2 महिला सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सिविल लाइन और कर्मचारी कॉलोनी क्षेत्र में घरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, हीरे के गहने, लैपटॉप, घड़ियां और नकदी चोरी की थी।
पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें आरोपी चोरी के बाद एक ईयोन कार से भागते हुए दिखाई दिए। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर जयंत मीणा, आकाश उर्फ शूटर, चेतना सोलंकी और चिंकी उर्फ प्रिया को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 12.50 लाख रुपये मूल्य के चोरी गए आभूषण, लैपटॉप, घड़ियां, नकदी, वारदात में प्रयुक्त कार और 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदातें स्वीकार कर ली हैं। गिरफ्तार आरोपियों में दो के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
देवास पुलिस ने बताया कि महिलाओं को कार में बैठाकर रैकी की जाती थी, ताकि किसी को गिरोह पर संदेह न हो। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।









