जमीन पर अवैध कब्जे और जान से मारने की धमकी का आरोप, किसान ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार

मामा पर जमीन हड़पकर दूसरे को कब्जा दिलाने का आरोप, भांजे ने सौंपा आवेदन देवास। ग्राम रणायरा राठौर, जिला आगर मालवा निवासी संतोष कुमार सोनगरा ने अपनी कृषि भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने तथा जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में संतोष कुमार सोनगरा ने बताया कि उनकी कृषि भूमि ग्राम झाडखेड़ी, तहसील टोंकखुर्द, जिला देवास में स्थित है, जिसका सर्वे नंबर 34/2 एवं रकबा 0.4000 हेक्टेयर है। उन्होंने बताया कि पूर्व में वे अपने मामा के कुएं से पानी लेकर खेती करते थे, लेकिन निजी नौकरी लगने के बाद खेती की जिम्मेदारी अपने मामा को सौंप दी थी। बाद में करीब दो वर्ष पूर्व भूमि लीज पर दी गई थी। संतोष कुमार सोनगरा का आरोप है कि अब जब उन्होंने अपनी भूमि वापस लेकर स्वयं खेती करने की इच्छा जताई, तो उनके मामा भेरु पिता चेना निवासी ग्राम भंवरा तथा भरत पिता दिनेश निवासी ग्राम पाडल्या ने आपसी साठगांठ कर उनकी भूमि के सीमावर्ती हिस्से पर अवैध कब्जा कर लिया है। वहीं दिनेश पिता चंपालाल द्वारा तलाई की खुदाई कर उसकी मिट्टी खेत में डालकर भी अतिक्रमण किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार संबंधित लोग भूमि वापस देने से इंकार कर रहे हैं तथा विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि खेत पर जाने के दौरान उनके साथ मारपीट और जानलेवा हमले का प्रयास भी किया गया, जिसके वीडियो उनके पास मौजूद हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित परिवार के अन्य सदस्य भी उन्हें धमकाते रहे हैं। आवेदक संतोष कुमार सोनगरा ने मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध कब्जा हटाने, सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।







