दहेज प्रताड़ना से परेशान महिला ने थाने में की शिकायत, पति व ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप,

देवास। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के आदेश महिला थाना प्रभारी मंजू यादव ने दहेज प्रताड़ना से परेशान एक महिला ने अपने पति एवं ससुराल पक्ष के खिलाफ देवास महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। फरियादिया सोनाली ठाकुर ने अपने पिता सुनिल सिंह ठाकुर एवं अंकल (काका) अनिल सिंह ठाकुर के साथ उपस्थित होकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई।
शिकायत के अनुसार सोनाली ठाकुर का विवाह 21 नवंबर 2021 को शुभम सिंह चौहान के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। विवाह के दौरान सास सुनीता चौहान निवासी त्रिलोक नगर इटावा देवास एवं मौसी सास मोनिका चंदेल निवासी बहादुर गंज उज्जैन द्वारा दहेज में कार की मांग की गई थी, जिस पर परिजनों ने सेंट्रो कार दी थी। पीड़ित महिला का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही सास द्वारा दहेज में कम सामान लाने की बात कहकर ताना-मारना शुरू कर दिया गया। इस कारण वह लगातार मानसिक रूप से परेशान रहने लगी। साथ ही मौसी सास द्वारा परिवार में भड़काने का कार्य किया जाता था। सोनाली ने बताया कि 6 जनवरी 2023 को तबीयत खराब होने पर उसका पति उसे देवास स्थित एक निजी अस्पताल में छोड़कर चला गया, जिसके बाद वह अपने मायके लौट आई और करीब पांच माह वहीं रही। बाद में पारिवारिक समझौते के बाद मई 2023 में ससुराल लौटी, लेकिन ससुराल पक्ष के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि पति शुभम, सास सुनीता एवं ससुर प्रेम सिंह लगातार दहेज की मांग को लेकर विवाद करते रहे। 4 अप्रैल 2024 को पति उसे मायके छोड़कर चला गया, तब से वह वहीं रह रही है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति ने विवाह में मिली सेंट्रो कार एवं आभूषण गिरवी रख दिए। जब इस संबंध में बात की गई तो ससुराल पक्ष द्वारा पांच लाख रुपये लाने की मांग की गई। सामाजिक स्तर पर समझाइश के बाद कुछ सामान वापस किया गया, लेकिन शेष देने से इनकार कर दिया गया और मामला कोर्ट में ले जाने की बात कही गई। पीड़िता ने बताया कि घर टूटने के डर से अब तक उसने कोई शिकायत नहीं की थी, लेकिन अब मजबूर होकर थाना पहुंची है और न्याय की मांग की है। महिला थाना पुलिस ने शिकायत पर शुभम सिंह चौहान, प्रेमसिंह चौहान, सुनीता चौहान एवं मोनिका चौहान पर विभिन्न धाराओं मे मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।अभी तक आरोपियों की पुलिस ने गिरफ्तारी नहीं की गई।













