“ऑपरेशन हवालात” के तहत देवास पुलिस की प्रभावी कार्यवाही

देवास पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन हवालात” के अंतर्गत थाना सतवास पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए चेक बाउंस एवं मारपीट के मामलों में पिछले 08 वर्षों से फरार चल रहे दो स्थाई वारंटी आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण इस प्रकार है:
छोटेलाल पिता प्रहलाद वर्मा, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम पलासी, सतवास लक्ष्मण कहार पिता मंगलसिंह कहार, उम्र 28 वर्ष, निवासी नगर परिषद चौराहा, कन्नौद
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद द्वारा दिनांक 01 नवम्बर 2024 से जिले में “ऑपरेशन हवालात” की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत लंबे समय से फरार इनामी एवं स्थाई वारंटी आरोपियों की गिरफ्तारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है, साथ ही गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा रही है।
उक्त कार्रवाई के अंतर्गत थाना सतवास में दर्ज प्रकरण क्रमांक 47/2018 (धारा 138 एनआई एक्ट) के आरोपी छोटेलाल वर्मा तथा अपराध क्रमांक 351/2019 (धारा 294, 323, 506 भादवि) के आरोपी लक्ष्मण कहार लंबे समय से पुलिस गिरफ्त से बाहर थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कन्नौद आदित्य तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी सतवास विक्रांत झांझोट के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम द्वारा मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
दिनांक 24.03.2026 को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि दोनों फरार आरोपी जिला देवास क्षेत्र में देखे गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल रवाना किया गया, जिसने सफलतापूर्वक दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
उल्लेखनीय उपलब्धि
देवास पुलिस द्वारा “ऑपरेशन हवालात” के तहत 01 नवम्बर 2024 से लेकर अब तक कुल 886 फरार/स्थाई/गिरफ्तारी वारंटी आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिन पर कुल ₹1,77,500/- का इनाम घोषित था।














