इंदौर में भ्रामक वीडियो वायरल करने वाले 5 सोशल मीडिया अकाउंट्स पर FIR,
मुंबई के कॉन्सर्ट के मारपीट वीडियो को इंदौर का बताकर किया गया वायरल थाना खजराना में 5 इंस्टाग्राम पेज एडमिन के खिलाफ मामला दर्ज पुलिस की अपील: बिना पुष्टि कोई भी फोटो/वीडियो साझा न करें
इंदौर शहर में सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट, फर्जी मैसेज एवं झूठे वीडियो वायरल करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना खजराना पुलिस द्वारा 5 इंस्टाग्राम अकाउंट्स के एडमिन के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
दिनांक 21 मार्च 2026 को खजराना क्षेत्र में आयोजित पंजाबी गायक करण औजला के कॉन्सर्ट से जोड़कर एक मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा था। जांच में पाया गया कि उक्त वीडियो इंदौर का नहीं, बल्कि मुंबई में हुए पुराने कॉन्सर्ट का है।
सोशल मीडिया के 5 इंस्टाग्राम पेज — मेट्रो सिटी, ओ बैन न्यूज, इंदौर एक्सप्रेस, इंदौर वायरल ऑफिशियल एवं रूह ए इंदौर — द्वारा इस वीडियो को इंदौर का बताकर भ्रामक रूप से प्रसारित किया गया, जिससे आमजन में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई।
इस मामले में पुलिस आयुक्त द्वारा जारी प्रतिबंधात्मक आदेश के उल्लंघन पर थाना खजराना में अपराध क्रमांक 220/26 धारा 223(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस आयुक्त के निर्देशन में गठित विशेष टीम द्वारा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के माध्यम से यह कार्रवाई की गई।
पुलिस की अपील
आमजन से अनुरोध है कि किसी भी प्रकार की अपुष्ट या भ्रामक जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा न करें। किसी भी फोटो, वीडियो या अन्य सामग्री को शेयर करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोज सिंह सेंधव, उप निरीक्षक घनश्याम मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक राकेश परमार सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।













