अपना जिलाक्राइमख़बरे जरा हटकेदेश-विदेशपुलिस प्रशासनप्रदेश

वृद्ध पिता ने बेटे पर लगाया मकान तोड़कर कब्जा करने का आरोप,

 – 70 वर्षीय अमरसिंह ने कलेक्टर से की अवैध कब्जा हटाने और पट्टा निरस्त करने की मांग

देवास। जिले की सोनकच्छ तहसील के ग्राम सरसौदा निवासी 70 वर्षीय अमरसिंह गुर्जर ने अपने ही पुत्र पर मकान तोड़कर अवैध कब्जा करने तथा प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर उन्होंने मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर न्याय की गुहार लगाई है। अमरसिंह, पिता लालजीराम, ने बताया कि उनके दो पुत्र — रामभरोसे और रूपसिंह — हैं, जिनका विवाह कर वे अलग-अलग निवास कर रहे हैं। वर्तमान में अमरसिंह अपनी पत्नी मिसरबाई के साथ रहते हैं। ग्राम सरसौदा में उनकी कृषि भूमि और दो मकान हैं, जिन्हें उन्होंने पूर्व में दोनों पुत्रों को एक-एक हिस्से में दे दिया था। पुराने मकान में बची जगह पर बने हिस्से में वे स्वयं पत्नी सहित निवास कर रहे थे।

        अमरसिंह का आरोप है कि पुत्र रूपसिंह आए दिन विवाद और झगड़ा कर उन्हें एवं उनकी पत्नी को परेशान करता था। परिस्थितियों से मजबूर होकर दंपत्ति को खेत पर बने मकान में रहना पड़ रहा है, जहां रात्रि में बिजली की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इसी दौरान, उनके अनुसार, रूपसिंह ने दादागिरी करते हुए उनके स्वामित्व व आधिपत्य वाले मकान को तोड़ दिया और उस पर कब्जा कर लिया। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि शासन द्वारा किए गए सर्वे के दौरान रूपसिंह ने पूरे मकान को अपना बताकर एकल पट्टा प्राप्त कर लिया, जबकि मकान का आधा हिस्सा अमरसिंह का है। प्रार्थी का कहना है कि उन्होंने पूर्व में दोनों पुत्रों को उनके हिस्से का मकान और कृषि भूमि दे दी थी तथा अपने भरण-पोषण के लिए केवल कुछ भूमि अपने पास रखी है। अमरसिंह ने आरोप लगाया कि उनका पुत्र उन्हें और उनकी पत्नी को वृद्धावस्था में गाली-गलौज कर प्रताड़ित करता है, जिससे वे मानसिक रूप से अत्यंत परेशान हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उनके हिस्से के मकान को तोड़कर की गई क्षति का हर्जाना दिलाया जाए। अवैध कब्जा तत्काल हटवाया जाए. गलत जानकारी देकर प्राप्त किया गया पट्टा निरस्त किया जाए तथा हिस्से के अनुसार पुनः वैध पट्टा प्रदान किया जाए। वृद्ध दंपत्ति ने जिला प्रशासन से न्याय दिलाने और सुरक्षित जीवन सुनिश्चित करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button