अपना जिलाक्राइमख़बरे जरा हटकेदेश-विदेशपुलिस प्रशासनप्रदेश

निवेश के नाम पर ₹15 लाख की कथित ठगी, 25 पीड़ितों ने कलेक्टर से की शिकायत,

देवास। कैलादेवी क्षेत्र में संचालित फाइन साइट एग्रो लिमिटेड कंपनी के मैनेजर पर निवेश के नाम पर लगभग ₹15 लाख की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। मामले में करीब 25 पीड़ितों ने जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर एवं औद्योगिक थाना प्रभारी को आवेदन सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की है। पीड़ितों के अनुसार, फाइन साइट एग्रो लिमिटेड कंपनी का कार्यालय कैलादेवी, देवास में संचालित था। कंपनी के मैनेजर प्रियंक जैन (मोबाइल नंबर: 7024020486) द्वारा दुकानदारों एवं अन्य व्यक्तियों से निवेश के रूप में धनराशि एकत्र की गई थी। निवेशकों को एक वर्ष पश्चात ब्याज सहित राशि लौटाने का आश्वासन दिया गया था। शुरुआती समय में कुछ निवेशकों को ब्याज का भुगतान भी किया गया, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ा और अधिक लोगों ने निवेश किया। पीड़ितों का आरोप है कि जून 2025 से उनके खातों में किसी भी प्रकार का भुगतान नहीं किया गया। पिछले 7-8 महीनों से निवेशकों को उनकी जमा राशि वापस नहीं मिली है। मैनेजर द्वारा लगातार तारीख पर तारीख देकर भुगतान टालते रहने की बात भी सामने आई है। पीड़ितों ने बताया कि अधिक समय बीतने के बाद लगभग 25 लोगों ने थाने में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। इसके बाद मैनेजर प्रियंक जैन द्वारा कथित रूप से धमकी दी गई कि “अब तुम्हें पैसा नहीं मिलेगा, जहां जाना है जा लो, जो करना है कर लो।” साथ ही यह भी कहा गया कि वह सभी से निपटना जानता है। आरोप है कि सितंबर माह में कंपनी का कैलादेवी स्थित कार्यालय बिना किसी सूचना के रातों-रात खाली कर दिया गया। इसके बाद से कंपनी का कोई स्पष्ट पता नहीं चल पा रहा है। पीड़ितों के अनुसार, उन्होंने सात दिन पूर्व भी संबंधित अधिकारियों को आवेदन सौंपा था, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक कार्रवाई या जवाब प्राप्त नहीं हुआ है। सभी पीड़ितों की कुल बकाया राशि लगभग ₹15,00,000 (पंद्रह लाख रुपये) बताई जा रही है। पीड़ितों ने कलेक्टर महोदय एवं औद्योगिक थाना प्रभारी से प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए संबंधित मैनेजर एवं कंपनी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा उनकी जमा धनराशि वापस दिलाने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button