देवास में जुए-सट्टे पर बड़ी कार्रवाई, 15 आरोपी गिरफ्तार, लाखों का माल जब्त,
देवास। जिले में अवैध जुए-सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली और नाहर दरवाजा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से मोबाइल, बाइक, नगदी और जुआ-सट्टा सामग्री सहित करीब 5.78 लाख रुपये का माल जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, नाहर दरवाजा थाना क्षेत्र में आलोट पाएगा स्कूल के पास तथा कोतवाली थाना क्षेत्र में उज्जैन रोड ब्रिज के नीचे जुए-सट्टे के अड्डों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान कुल 15 आरोपियों को पकड़ा गया।
मौके से 12 मोबाइल फोन, 6 मोटरसाइकिल, 28,100 रुपये नगद और जुआ-सट्टा से संबंधित सामग्री जब्त की गई। जब्त कुल संपत्ति का मूल्य लगभग 5 लाख 78 हजार रुपये आंका गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


















