अपना जिलाक्राइमख़बरे जरा हटकेदेश-विदेशपुलिस प्रशासनप्रदेश

देवास जिला ‘ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश’ अभियान का भव्य शुभारंभ,

‘ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश’ अभियान का भव्य शुभारंभ
मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा स्वामी विवेकानंद जी की 163वीं जन्म जयंती (राष्ट्रीय युवा दिवस) के अवसर पर “ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश” अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 12 जनवरी से 26 जनवरी 2026 तक संचालित होगा, जिसके अंतर्गत ग्राम स्तर पर विकास, सामाजिक जागरूकता एवं जनभागीदारी को गति प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर स्थानीय वरिष्ठ नागरिक संस्था कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि डॉ. सीमा सोनी एवं मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री हरि सिंह जी धनगर रहे। कार्यक्रम में डॉ. समीरा नईम (आनंद विभाग, देवास) तथा मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक डॉ. सुप्रिति वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इससे पूर्व समस्त अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
मुख्य वक्ता श्री हरि सिंह जी धनगर ने अपने ओजस्वी संबोधन में स्वामी विवेकानंद जी के जीवन, शिक्षा एवं दीक्षा से लेकर शिकागो धर्म संसद तक के प्रेरक प्रसंगों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत किसी हीन भावना का देश नहीं बल्कि संतों, सहिष्णुता, समरसता और सभी धर्मों के प्रति सम्मान का देश है।
मुख्य अतिथि डॉ. सीमा सोनी ने स्वामी विवेकानंद जी के जीवन परिचय एवं नचिकेता की कथा के माध्यम से युवाओं को लक्ष्य आधारित जीवन जीने, संकल्प से सिद्धि की ओर बढ़ने तथा समाज में जागरूकता लाने का संदेश दिया।
मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक डॉ. सुप्रिति वर्मा ने अपने उद्बोधन में स्वामी विवेकानंद जी के जीवन दर्शन पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा बताया कि 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस क्यों मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी के विचार आज भी युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं और उनके आदर्श आत्मनिर्भर, चरित्रवान एवं राष्ट्रसेवी युवा तैयार करने की दिशा दिखाते हैं।
डॉ. समीरा नईम ने अपने वक्तव्य में कहा कि स्वामी विवेकानंद केवल भारत ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण विश्व के प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने कुरीतियों से मुक्त भारत के निर्माण का स्वप्न देखा और अल्पायु में भी मानवता को अमूल्य विचार एवं मार्गदर्शन दिया।
इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में श्रीमती नीलम सोनी (ब्लॉक समन्वयक), राजेश सिसोदिया, मान सिंह मालवीय, जिले के समस्त सामाजिक कार्यकर्ता, नवांकुर एवं परामर्शदाता संस्थाओं के पदाधिकारी एवं समिति सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन श्री प्रफुल्ल पाठक (विकासखंड समन्वयक, बागली) द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन श्री नीरज द्विवेदी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी सामाजिक कार्यकर्ताओं ने ‘ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश’ अभियान को सफल बनाने हेतु पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण से कार्य करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button