अपना जिलाक्राइमख़बरे जरा हटकेदेश-विदेशपुलिस प्रशासनप्रदेश

राष्ट्रीय राजमार्ग से प्रभावित मातमोर के ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन,

पूर्व में आवंटित भूमि पर ही मकान निर्माण की अनुमति की मांग, अन्य पंचायत में विस्थापन का विरोध

देवास। राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के चलते ग्राम मातमोर, तहसील बागली के प्रभावित ग्रामीणों ने कलेक्टर महोदय, देवास को ज्ञापन सौंपकर पूर्व में आवंटित भूमि पर ही प्लाट एवं मकान निर्माण की अनुमति देने की मांग की है। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि वे ग्राम मातमोर के स्थायी निवासी हैं तथा राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत उनके मकानों का अधिग्रहण हो चुका है। अधिग्रहण के पश्चात प्रशासन द्वारा उन्हें सर्वे नंबर 420/1 एवं 421/1, ग्राम मातमोर की भूमि मकान निर्माण हेतु आबंटित की गई थी। उक्त भूमि पर ग्रामीणों द्वारा मकान निर्माण के लिए गड्ढे खोदे जा चुके हैं और कुछ परिवारों ने कच्चे मकान भी बना लिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि अब उन्हें उसी भूमि से हटाकर लगभग तीन किलोमीटर दूर ग्राम उमरिया में प्लाट दिए जा रहे हैं, जो ग्राम पंचायत मातमोर के अंतर्गत न होकर बामनखेड़ी पंचायत में आते हैं। इससे ग्रामीणों को अपने मूल गांव से अलग होकर अन्य पंचायत में निवास करने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिससे वे असंतुष्ट हैं। प्रभावित ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूर्व में ग्राम मातमोर में जो भूमि उन्हें प्लाट के रूप में आबंटित की गई है, उसे यथावत रखते हुए उसी स्थान पर मकान निर्माण की अनुमति प्रदान की जाए, ताकि वे अपने गांव और सामाजिक परिवेश से अलग न हों। ग्रामीणों ने कलेक्टर महोदय से विनम्र निवेदन करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button