देवास बांस की जगह स्क्रैप की लकड़ी लगाकर निगम को लगाया चुना.?

बांस की जगह स्क्रैप की लकड़ी लगाकर निगम को लगाया चुना?
ठेकेदार और इंजीनियर की मिलीभगत से 55 लाख पानी में?
देवास। देवास में 55 लाख का एक नया घोटाला सामने आया है जिसमें ठेकेदार और निगम इंजीनियर ने मिलकर ठेके के मूल स्वरूप को बदलकर 55 लाख की राशि का घपला कर दिया है। मामला तब सामने आया जब लोहे की तरह दिखने वाली फेंसिंग गिरने लगी और पास से देखने पर पता चला कि यह फेंसिंग लोहे की नहीं स्क्रैप में बीस रूपये की 5 किलो मिलने वाली लकड़ी से बनाई गई है। मामले की सत्यता जांचने के लिए उद्यान विभाग से हुए इस टेंडर की जानकारी निकाली गई तो एक अलग ही सच्चाई सामने आई।
सिटी फॉरेस्ट और हरियाली के नाम पर आकर्षण की जगह अटाला?
पड़ताल में पता चला कि 2023 में हरियाली क्षेत्र में वृद्धि और Air Quality Improvemnet के लिए देवास के मधुमिलन चौराहे पर ए. बी. रोड़ के दोनों ओर सिटी फॉरेस्ट के चारों ओर बंबू (बांस) की फेंसिंग, बांस के गज़बो (बाँस की कुटिया) और बांस की बेंच लगाए जाने के लिए 55 लाख 17 हज़ार के टैंडर (जीएसटी अतिरिक्त) जारी किए गए थे। टेंडर में कितनी फर्म ने भाग लिया यह जानकारी प्राप्त नहीं हो पाई लेकिन देवास की एक फर्म प्रज्ञा ट्रेडर्स को यह काम आवंटित हुआ जो कि 2.5% कम रेट पर स्वीकृत हुआ था। कार्य आदेश के अनुसार विषय में भी बंबू से निर्मित फेंसिंग, ग़ज़ेबों और बेंचेस आदि के निर्माण कार्य का ही उल्लेख है और निगम के तत्कालीन एक्सिक्यूटिव इंजीनियर नागेश वर्मा की निगरानी में कार्य करवाया जाना निर्धारित था और कार्य के पहले और कार्य पूर्ण होने के बाद फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी प्रस्तुत की जाना थी लेकिन ठेकेदार और इंजीनियर की मिलीभगत से अटाले में मिलने वाले 4 रुपए किलो की लकड़ी से निर्माण किया गय और बांस से ग़ज़ेबों, और बेंच का निर्माण तो किया ही नहीं।
टेंडर की शर्तों में ठेकेदार का के केंद्रीयकृत पंजीयन होने के साथ ही जी एस टी पंजीयन और ई पी एफ पंजीयन भी होना आवश्यक था लेकिन इंजीनियर द्वारा ठेकेदार से मिलीभगत करते हुए टेंडर की शर्तों के अनुरूप काम न करवा कर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है जिस संबंध में आयुक्त महोदय सहित आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो, मान. लोकायुक्त महोदय उज्जै और प्रवर्तन निदेशालय (ई डी) नई दिल्ली से इस टैंडर प्रक्रिया की जांच करवा कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही करने के साथ एफ आई आर करने की शिकायत भी करवाई गई है।
















