देवास नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई की मांग,शिव सेना द्वारा कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन,

देवास। शिवसेना जिला अध्यक्ष सुनील वर्मा ने कलेक्टर को पत्र सौंपकर जिले में नकली एवं मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाने की मांग की है।
पत्र में तेल, दूध, मावा, पनीर, मिठाई, मसाले समेत अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर अधिकृत प्रयोगशालाओं में जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों, डेयरी, किराना दुकानों, गोदामों और खाद्य निर्माण इकाइयों का औचक निरीक्षण करने की बात कही गई है।

शिवसेना ने पैकेजिंग, एक्सपायरी/बेस्ट बिफोर, बैच नंबर, MRP, लेबलिंग और FSSAI लाइसेंस की जांच, निर्माण व भंडारण स्थलों की स्वच्छता की निगरानी तथा मिलावट पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट सीधे आम नागरिकों के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ा गंभीर विषय है, इसलिए जिले में नियमित निरीक्षण और निगरानी अभियान चलाया जाना जरूरी है।






















