देवास आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, कार से 14 पेटी शराब जब्त

देवास, 31 मई 2026। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त मनीष खरे के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कार से 14 पेटी देशी एवं विदेशी शराब जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर आबकारी टीम ने देवास बायपास स्थित रेती मंडी के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध कार को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 10 पेटी देशी प्लेन शराब, 1 पेटी मसाला शराब तथा 3 पेटी बीयर कैन सहित कुल 135 बल्क लीटर मदिरा बरामद की गई।
चालक द्वारा शराब का अवैध रूप से संग्रहण एवं परिवहन किए जाने पर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि शराब किस दुकान से लाई गई थी और कहां ले जाई जा रही थी।
जब्त शराब एवं वाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 2.05 लाख रुपये बताई गई है।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक प्रेम यादव, मुख्य आरक्षक दीपक धुरिया, आरक्षक निहाल खत्री, दीपक तटवाड़े तथा सैनिक किशोर सिसोदिया एवं अनिल चौहान शामिल रहे। विभाग ने बताया कि अवैध शराब के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।








