मामूली विवाद में युवक पर कैंची से हमला, हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार,
देवास के विजयगंज मंडी रोड स्थित एक सैलून पर हुए विवाद में युवक पर कैंची से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने वाले आरोपी को थाना बैंक नोट प्रेस पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार फरियादी शमशेर सिंह ने 25 फरवरी 2026 को थाना बैंक नोट प्रेस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके भांजे यशपाल राठौड़ पर विजयगंज मंडी रोड स्थित स्मार्ट लुक सैलून में मामूली विवाद के दौरान पटलावदा निवासी कल्याण सिंह पिता मानसिंह बनाफर ने जान से मारने की नियत से गले पर कैंची से हमला कर दिया। हमले में यशपाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए बॉम्बे हॉस्पिटल, इंदौर के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने अपराध क्रमांक 108/2026 धारा 109(1), 296(बी) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोद के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक बबिता बामनिया के निर्देशन में थाना प्रभारी प्रीति कटारे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, भौतिक साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर लगातार दबिश दी। आखिरकार 5 मार्च 2026 को फरार आरोपी कल्याण सिंह बनाफर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रीति कटारे, उपनिरीक्षक रामकृष्ण शर्मा, गौरीशंकर यादव, आरक्षक उमेश भदौरिया और दीपेंद्र शर्मा का विशेष योगदान रहा।












