औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने होटल संचालक से अड़ीबाजी और जानलेवा हमला करने वाले चार कुख्यात आरोपियों को गिरफ्तार किया,

देवास। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने होटल संचालक से अड़ीबाजी और जानलेवा हमला करने वाले चार कुख्यात आरोपियों को घटना के महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 12 फरवरी की रात शंकरगढ़ बायपास स्थित तंदूरी ट्रीट फैमिली रेस्टोरेंट पर अक्षय व्यास अपने साथियों के साथ पहुंचा और देर रात भोजन व शराब के लिए 5 हजार रुपये की अवैध मांग की। मना करने पर आरोपियों ने खुद को क्षेत्र का दादा बताते हुए होटल संचालक जितेन्द्र शर्मा के साथ गाली-गलौज कर डंडे, बेल्ट और पत्थरों से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए संचालक कमरे में छिप गया, लेकिन आरोपी दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए और मारपीट की।
मामले में थाना औद्योगिक क्षेत्र में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 12 घंटे के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से हमले में प्रयुक्त सामग्री भी जब्त की गई है।
मुख्य आरोपी अक्षय व्यास पर पहले से एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।


















