विजयागंज मण्डी पुलिस द्वारा मारपीट संबंधी प्रकरण में लगभग 04 वर्षों से फरार स्थाई वारंटी आरोपी भैरु पिता शंकरलाल, उम्र 35 वर्ष, निवासी रालामंडल, जिला देवास को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

जिला पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद द्वारा दिनांक 01 नवम्बर 2024 से सम्पूर्ण जिले में “ऑपरेशन हवालात” प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत लंबे समय से फरार इनामी बदमाशों एवं गंभीर अपराधों में वांछित आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा रही है।
इसी क्रम में थाना विजयागंज मण्डी द्वारा अपराध क्रमांक 98/2022, धारा 323, 294, 506 भादवि के प्रकरण में आरोपी भैरु, जो लगभग 04 वर्षों से पुलिस गिरफ्त से दूर था, की तलाश लगातार की जा रही थी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री हरनारायण बाथम के मार्गदर्शन एवं उप पुलिस अधीक्षक (एल-आर) श्री संजय शर्मा के निर्देशन में, थाना प्रभारी विजयागंज मण्डी श्री रोहित पटेल के नेतृत्व में “ऑपरेशन हवालात” के तहत एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी हेतु लगातार प्रयासरत थी।
दिनांक 31.01.2026 को पुलिस को पुख्ता सूचना प्राप्त हुई कि फरार स्थाई वारंटी आरोपी देवास जिले में देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल रवाना किया गया। टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय देवास के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया।
उल्लेखनीय उपलब्धि
देवास पुलिस द्वारा “ऑपरेशन हवालात” के तहत 01 नवम्बर 2024 से आज दिनांक तक कुल 822 फरार / स्थाई / गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिन पर कुल ₹1,67,500/- का इनाम घोषित था।













