देवास महिला ने वकील पर छेड़छाड़, मारपीट और जानलेवा हमले का लगाया आरोप, एसपी कार्यालय में दिया आवेदन,

देवास। शहर के रामचंद्र नगर स्थित राघव विहार कॉलोनी की निवासी मालती योगी एवं शिवानी योगी ने पुलिस अधीक्षक देवास को आवेदन देकर स्थानीय वकील विष्णु अग्रवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आवेदन में पीड़िताओं ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ राघव विहार में रहती हैं। आरोप है कि प्रतिप्रार्थी विष्णु अग्रवाल, जो पेशे से वकील हैं, ने शराब के नशे में उनके साथ छेड़छाड़ की। मामले की जानकारी परिवार को देने पर जब ओमप्रकाश योगी व अन्य परिजन समझाइश के लिए पहुंचे, तो प्रतिप्रार्थी ने लाठियों से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान बचाव के लिए आए अन्य परिजनों से भी मारपीट की गई।
पीड़िताओं का कहना है कि वे घटना की रिपोर्ट दर्ज करवाने औद्योगिक क्षेत्र थाने गईं, लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज नहीं की। उल्टा, प्रतिप्रार्थी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई जिसमें उन लोगों के नाम भी शामिल कर दिए गए जो घटना के समय मौजूद ही नहीं थे। पीड़िताओं ने आरोप लगाया कि रात 1:30 बजे तक थाने में बैठाए रखने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि प्रतिप्रार्थी आए दिन उन्हें धमकाता है, गाली-गलौच करता है, महिलाओं पर अशोभनीय टिप्पणियां करता है, और अवैध शराब का कारोबार चलाता है जिससे कॉलोनी का माहौल बिगड़ रहा है। पीड़िताओं का आरोप है कि प्रतिप्रार्थी ने दबाव बनाकर एससी-एसटी एक्ट का दुरुपयोग करते हुए उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करवाया। पीड़िताओं ने पुलिस अधीक्षक से आग्रह किया है कि आरोपित के खिलाफ उचित धाराओं में मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।















