विद्यालय की बाउंड्री के पास लगा ट्रांसफॉर्मर, बच्चों की सुरक्षा पर संकट, ग्रामीणों ने कलेक्टर व तहसीलदार से की हटाने की मांग,

देवास। जिले की हाटपीपल्या तहसील के ग्राम बडिय़ामाण्डु के ग्रामीणों ने तहसीलदार हाटपीपल्या को आवेदन देकर शासकीय माध्यमिक विद्यालय की बाउंड्रीवाल के पास लगाए गए डी.पी. (ट्रांसफॉर्मर) को हटाने की मांग की है। ग्रामीण निलेश जायसवाल ने बताया कि हाल ही में विद्युत विभाग ने विद्यालय की बाउंड्री से सटी जगह पर ट्रांसफॉर्मर लगा दिया है। इसके ठीक पास स्कूल के शौचालय बने हुए हैं, जिनका उपयोग प्रतिदिन दर्जनों बच्चे करते हैं। इस कारण बच्चों के विद्युत करंट की चपेट में आने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर की यह स्थापना न केवल असुरक्षित है बल्कि नियमों के भी विपरीत है। यदि कोई हादसा होता है, तो इसकी जिम्मेदारी विद्युत कंपनी और प्रशासन की होगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ट्रांसफॉर्मर को तत्काल हटाकर किसी सुरक्षित स्थान पर लगाया जाए, ताकि बच्चों की जान जोखिम में न पड़े।














