देवास इंस्टाग्राम पर प्रेमजाल बिछाकर नाबालिग से लाखों की ठगी, आरोपी को किया पुलिस ने गिरफ्तार,

देवास। थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने इंस्टाग्राम के माध्यम से नाबालिग बालिका को प्रेमजाल में फंसाकर लाखों रुपये और आभूषण हड़पने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में आरोपी की सहयोगी महिला को भी सह-आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मिश्रीलाल नगर एक्सटेंशन निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पोती के माध्यम से बैंक खाते से बड़ी राशि ट्रांसफर कर दी गई है। जांच में पता चला कि दिसंबर 2024 में इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद आरोपी आशीष उर्फ जैकब डामोर ने शादी का झांसा देकर बालिका का विश्वास जीता और रुपये दोगुना करने का लालच देकर दादा-दादी के खातों से करीब 8 से 10 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। साथ ही घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी हासिल कर लिए।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी आशीष डामोर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि ठगी से प्राप्त संपत्ति का कुछ हिस्सा उसने अपनी बहन को दिया था, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर बने रिश्तों पर बिना सत्यापन विश्वास न करने, वित्तीय जानकारी साझा न करने तथा किसी भी साइबर ठगी की सूचना तत्काल हेल्पलाइन 1930 या निकटतम पुलिस थाने को देने की अपील की है।









