देवास चार श्रम संहिताओं को रद्द करने की मांग को लेकर श्रमिक संगठनों ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन,

देवास। देशभर में श्रम कानूनों को लेकर बढ़ते असंतोष के बीच इंदौर में विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में श्रमिक नेता और कार्यकर्ता एकत्रित हुए। इंटक प्रदेश मीडिया प्रभारी कैलाश वर्मा ने बताया कि उक्त प्रदर्शन में देवास से भी इंटक पदाधिकारी शामिल हुए। केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई चार नई श्रम संहिताओं को श्रमिक विरोधी बताते हुए उन्हें तत्काल रद्द करने की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने नारेबाजी करते हुए अपनी आवाज बुलंद की और सरकार से श्रमिक हितों की रक्षा करने की अपील की। इस दौरान लेबर डिप्टी कमिश्नर आशीष पालीवाल को महामहिम राष्ट्रपति, के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में स्पष्ट रूप से मांग की गई कि चारों श्रम संहिताओं को तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाए, क्योंकि ये कानून श्रमिकों के अधिकारों को कमजोर करते हैं। श्रमिक नेताओं का कहना है कि नई श्रम संहिताओं के लागू होने से नौकरी की सुरक्षा, वेतन, और काम के घंटे जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर श्रमिकों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया, तो आने वाले समय में आंदोलन और भी तेज किया जाएगा। इस दौरान देवास से लाखन सिंह ठाकुर, दिलीप परमार, जे.एस. जाधव, पंजाबराव काले, मकसूद पठान, शंकरराव दलवी, शंकरलाल चौधरी, अ.भा. संगठन मंत्री लक्ष्मीनारायण पाठक, सीएल शेरावत, देवीसिंह सेंगर, हरनाम सिंह धारीवाल सहित बड़ी संख्या श्रमिक संगठन पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।














