देवास में NSUI जिलाध्यक्ष गिरफ्तार मारपीट और कार छीनने का मामला विरोध में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन,

देवास में NSUI जिलाध्यक्ष श्रीकांत चौहान और उनके साथी छोटेलाल को पुलिस ने मारपीट और कार छीनने के प्रयास के मामले में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नलखेड़ा के ग्राम बाई निवासी किसान संदीप जलाया की शिकायत के आधार पर औद्योगिक थाना पुलिस द्वारा की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है। मामले को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के पम्प चौराहे स्थित बाबा साहब अंबेडकर प्रतिमा के पास धरना प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष चौधरी और शहर अध्यक्ष प्रयास गौतम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कार्रवाई को द्वेषपूर्ण बताते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव में यह कदम उठाया गया है। उन्होंने मांग की है कि श्रीकांत चौहान को जल्द मुचलके पर रिहा किया जाए।













