देवास CNG पंप कर्मचारी से मारपीट व अवैध वसूली करने वाले दो आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, भेजे गए जेल,

संक्षिप्त विवरण – पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद के निर्देशानुसार शहर में अशांति फैलाने और अवैध वसूली करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 07.03.2026 को फरियादी मनीष मालवीय, निवासी ढांचा भवन देवास, ने थाना औद्योगिक क्षेत्र में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह मधुमिलन चौराहे के पास स्थित गेल गैस CNG पंप पर फिलर के रूप में कार्य करता है।
दिनांक 06 मार्च की रात करीब 08:00 बजे टाटा मैजिक चालक सलीम, निवासी रसूलपुर, गैस भरवाने पंप पर आया और पुरानी रंजिश तथा क्षेत्र में धौंस जमाने के उद्देश्य से फरियादी को धमकाने लगा। आरोपी ने फरियादी से काम करने के बदले अवैध रुपये की मांग की। मना करने पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर फरियादी पर लोहे के पाइप से जानलेवा हमला कर दिया और जातिसूचक गालियां देते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना औद्योगिक क्षेत्र में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 203/2026 धारा 119(1), 191(1), 191(2), 296(ए), 115(2), 351(3) BNS एवं 3(1)द, 3(1)ध, 3(2)V, 3(2)Va एससी/एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक देवास श्री सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र निरीक्षक श्री शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने CNG पंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया –
बबलू उर्फ असलम पिता अजमेरी अली, उम्र 35 वर्ष, निवासी रसूलपुर देवास रफीक पिता रसीद पठान, उम्र 56 वर्ष, निवासी रसूलपुर देवास
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
सराहनीय कार्य – इस कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत चौरसिया, थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र देवास तथा प्र.आर. 323 राहुल शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।













