देवास नालियों का चौक बना बीमारी का केंद्र, वार्ड 41 खारी बावड़ी मस्जिद क्षेत्र में गंदगी से त्रस्त 50 से अधिक परिवार, आंदोलन की चेतावनी,

देवास। शहर के वार्ड क्रमांक 41 स्थित खारी बावड़ी मस्जिद के आसपास का इलाका इन दिनों गंभीर स्वच्छता संकट से जूझ रहा है। क्षेत्र में नालियां चौक होने के कारण चारों ओर गंदगी फैल गई है, जिससे रहवासियों का जीना दूभर हो गया है। बदबू, मच्छरों और गंदे पानी के कारण बच्चे व बुजुर्ग लगातार बीमार पड़ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे बैठे हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि क्षेत्र में नियमित रूप से झाड़ू नहीं दी जाती और न ही नालियों की समय पर सफाई होती है। यही नहीं, इसी क्षेत्र में शहर काजी अबुल कलाम का निवास भी है, इसके बावजूद नगर निगम द्वारा समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। रहवासियों ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिस पर एक बार नगर निगम आयुक्त मौके पर निरीक्षण के लिए पहुंचे थे, लेकिन उसके बाद आज तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
स्थानीय पार्षद और संबंधित दरोगा को भी कई बार इस गंभीर स्थिति से अवगत कराया गया, लेकिन आश्वासनों के अलावा कुछ हासिल नहीं हुआ। नालियों में भरा गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। क्षेत्र में करीब 50 से अधिक परिवार इस गंदगी से सीधे प्रभावित हो रहे हैं। गंदगी और प्रशासनिक उदासीनता से परेशान रहवासियों का सब्र अब जवाब देने लगा है। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही नालियों की सफाई, नियमित झाड़ू व्यवस्था और स्थायी निराकरण नहीं किया गया, तो वे मजबूरन नगर निगम कार्यालय का घेराव करेंगे। नागरिकों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से मांग की है कि समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को इस नारकीय स्थिति से राहत मिल सके।















