देवास के खातेगांव स्थित सनोद की डोंगरी पर खुलेआम अवैध मुरम उत्खनन पोकलैंड डंपरों से जारी है खनन और परिवहन,

खातेगांव (देवास)। खातेगांव तहसील अंतर्गत सनोद ग्राम की डोंगरी पर अवैध मुरम उत्खनन और परिवहन का मामला लगातार सामने आ रहा है। मौके पर बड़ी-बड़ी पोकलैंड मशीनों और डंपरों के माध्यम से मुरम का उत्खनन कर उसे अन्य स्थानों तक ले जाया जा रहा है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार यह गतिविधि लंबे समय से जारी है, जिससे शासन को राजस्व की क्षति होने की आशंका जताई जा रही है। अवैध उत्खनन का यह पूरा मामला खनिज विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही सामने नहीं आई है।
घटनास्थल से पत्रकारों द्वारा संबंधित तहसीलदार सहित जिम्मेदारों को जानकारी भी उपलब्ध कराई गई, बावजूद इसके मौके पर किसी प्रकार की तत्काल कार्रवाई होती नजर नहीं आई। क्षेत्र में इससे पहले भी अवैध बालू, रेत और मुरम उत्खनन व परिवहन की शिकायतें सामने आती रही हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि भारी मशीनों के कारण पर्यावरण को नुकसान हो रहा है और ग्रामीण रास्तों की हालत भी बिगड़ती जा रही है। लोगों ने मांग की है कि खनिज विभाग और प्रशासन द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच की जाए और यदि अवैध उत्खनन पाया जाता है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह होगा कि खनिज विभाग और जिला प्रशासन इस गंभीर मामले पर कब संज्ञान लेता है और अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।















