क्षिप्रा नदी शुद्धिकरण के लिए उद्गम स्थल से 11 दिवसीय परिक्रमा का संकल्प – महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी जी

देवास। गो माता, पर्वत, नदी और वृक्ष ही धरती के देवता हैं। इनकी पूजा से ही श्रीहरि की कृपा प्राप्त होती है। जिस नदी का जल हमें जीवन देता है, अन्न, जल और धन-धान्य प्रदान करता है, वही क्षिप्रा नदी भगवान महाकाल के चरण पखारती है। ऐसी मां क्षिप्रा की वर्तमान स्थिति को देखकर मन व्यथित होता है।क्षिप्रा नदी के शुद्धिकरण को लेकर महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी जी महाराज ने एक महत्त्वपूर्ण संकल्प की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मां क्षिप्रा के उद्गम स्थल से 11 दिनों की परिक्रमा कर, जनसहयोग एवं शासन के सहयोग से सिंहस्थ के पूर्व क्षिप्रा नदी के शुद्धिकरण का संकल्प पूर्ण किया जाएगा। इस अभियान में समस्त जनमानस, विश्व हिंदू परिषद, सभी सनातन संगठन एवं समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता रहेगी। यह विचार देवास में विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष दिलीप अग्रवाल एवं उनके परिवार द्वारा आयोजित 251 जोड़ों के नि:शुल्क सामूहिक विवाह कार्यक्रम के अवसर पर चल रही श्रीमद् भागवत कथा के पांचवें दिवस पर व्यक्त किए गए। कथा के दौरान स्वामी जी ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान ने बाल अवस्था में ही कर्म मार्ग, ज्ञान मार्ग और भक्ति मार्ग के रहस्यों को प्रकट कर दिया था। यही सनातन की आध्यात्मिक शक्ति है, जिसके कारण भारत विश्व गुरु कहलाता है। स्वामी जी ने कथा प्रसंगों को आध्यात्मिक एवं व्यवहारिक दृष्टांतों के साथ प्रस्तुत कर श्रोताओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में विशेष रूप से राज्यसभा सांसद पूज्य उमेशनाथ जी महाराज, अखिल भारतीय किसान संघ के संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी, संत श्री रामदास जी महाराज, श्री नीलेश चैतन्य जी महाराज, श्री वेदांत दास जी महाराज, श्री सुखदेवानंद जी महाराज, विनय दीक्षित (पश्चिम क्षेत्र प्रज्ञा प्रभार), धर्मेंद्र मौर्य (प्रांत सामाजिक समरसता प्रमुख), विश्व हिंदू परिषद प्रांत विमर्श प्रमुख मुकेश मौलावा सहित अनेक संत एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। उमेशनाथ जी महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि सनातन समाज को जागरूक रहने की आवश्यकता है, क्योंकि पर्दे के पीछे प्रतिकूल परिस्थितियां निर्मित की जा रही हैं। सनातन की सुरक्षा के लिए बच्चों को प्रारंभ से ही सनातनी संस्कार देने होंगे। उन्होंने गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों के बलिदान को युगों तक अविस्मरणीय बताया। मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट ने क्षिप्रा शुद्धिकरण के संकल्प को पूर्ण कराने का आश्वासन देते हुए स्वामी जी से आशीर्वाद प्राप्त किया। कथा उपरांत उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी स्वामी जी से आशीर्वाद लेने पहुंचे। कार्यक्रम में देवास विधायक गायत्रीराजे पवार, बागली विधायक मुरली भंवरा, राष्ट्रीय कवि देवकृष्ण व्यास, राष्ट्रीय कवि शशिकांत यादव, विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री जितेंद्र पवार सहित अनेक विशिष्टजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में गुरु भक्त मंडल के तपन भौमिक एवं राजेश अग्रवाल की विशेष उपस्थिति रही। आयोजन के अंत में दिलीप अग्रवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। कथा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे।














