देवास सोनकच्छ के शासकीय स्कूल के कक्षा में रखी एसिड की बोतल फूटी, दो छात्राएं गंभीर रूप से घायल,
सोनकच्छ में शासकीय माध्यमिक विद्यालय शाला क्रमांक 2 में सोमवार को हुई लापरवाही ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कक्षा में रखी एसिड की बोतल गिरकर फूटने से दो छात्राएं 8 वर्षीय जिनत और 10 वर्षीय तस्मिया घायल हो गईं। एसिड उड़कर उनकी आंखों में चला गया, जिसके बाद दोनों छात्राओं को सोनकच्छ सिविल अस्पताल से उपचार के लिए देवास रेफर किया गया।
घटना के बाद अभिभावक स्कूल और अस्पताल पहुंचे और शिक्षिकाओं पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों पर पुलिस प्रकरण दर्ज करने की मांग की। बताया गया कि एसिड बाथरूम सफाई के लिए मंगवाया गया था लेकिन गलती से कक्षा में ही टेबल पर रखा हुआ था। छात्रों ने मीडिया को बताया कि स्कूल में चपरासी नहीं है और साफ-सफाई का काम बच्चों से कराया जाता है। अब इस घटना के बाद शिक्षा विभाग और विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।













