अपना जिलाक्राइमख़बरे जरा हटकेदेश-विदेशपुलिस प्रशासनप्रदेशस्पोर्ट्स

देवास के बागली में पेट्रोल पंप पर महिला की रंगदारी आरोप: 50 हज़ार रुपए माहवारी या 5 लाख रुपए सालाना की मांग का आरोप लगाते हुए दिया आवेदन

देवास। जिले के बागली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कान्हा बॉयो पेट्रोल पंप, मातमोर चापड़ा में रंगदारी मांगने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पंप पर कार्यरत जितेन्द्र मीणा निवासी रामनगर मूसाखेड़ी, इंदौर ने खाद्य विभाग देवास के खाद्य अधिकारी एवं थाना प्रभारी कमलापुर को सोमवार को लिखित शिकायत देते हुए आरोप लगाया कि एक महिला ने उनसे 50,000 प्रति माह या 5 लाख वार्षिक की मांग की है, अन्यथा झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी है। शिकायत में आरोप लगाया कि उर्मिला उर्फ पिंकी निवासी नागझिरी (पूर्व में पप्पू जायसवाल, आष्टा की पत्नी) दिनांक 28 सितम्बर 2025 को दोपहर 2 बजे पेट्रोल पंप पर पहुंची और वहाँ फोटो खींचने लगी। जब पंप कर्मचारी ने कारण पूछा तो महिला ने पूछा कि यह पंप किसके नाम से है? जवाब मिलने पर उसने धमकी भरे लहजे में कहा कि अपने ओमप्रकाश शर्मा से बोल देना, हर महीने 50 हज़ार या साल का 5 लाख देना पड़ेगा, नहीं तो झूठी शिकायत और मुकदमा दर्ज करवाऊंगी। जितेन्द्र मीणा ने तत्काल अपने मालिक ओमप्रकाश शर्मा (इंदौर) को इस घटना की जानकारी दी। ओमप्रकाश शर्मा ने इंदौर के व्यापारिक परिचितों के माध्यम से पप्पू जायसवाल से संपर्क किया। पूछताछ में पप्पू जायसवाल ने बताया कि उर्मिला उर्फ पिंकी से मेरा 2022 में तलाक हो चुका है, और वह अपराधिक प्रवृत्ति की महिला है। उसके खिलाफ कई थानों में प्रकरण दर्ज हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि पप्पू जायसवाल ने महिला के खिलाफ दर्ज मामलों की सूची भी उपलब्ध कराई है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह महिला व्यापारियों और आम नागरिकों के लिए लगातार परेशानी का कारण बन रही है। पीडि़त पक्ष ने प्रशासन से मांग की है कि महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि समाज और व्यापारी वर्ग इस तरह की रंगदारी और झूठे मुकदमों की धमकियों से सुरक्षित रह सके।

Related Articles

Back to top button