अपना जिलाक्राइमख़बरे जरा हटकेदेश-विदेशपुलिस प्रशासनप्रदेशस्पोर्ट्स

देवास पत्थरबाजी की घटना के बाद शहर में तनाव, दोनों पक्षों ने थानों में दिए आवेदन पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई का दिया भरोसा,

देवास|06/07/2025 शहर के पुराने बस स्टैंड क्षेत्र स्थित मनकामेश्वर मंदिर के पास रविवार सुबह करीब 6 बजे एक घर पर पत्थरबाजी की गंभीर घटना सामने आई। इस हमले में घर की गैलरी के शीशे टूट गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

घटना सर्व ब्राह्मण समाज के पूर्व अध्यक्ष एवं समाजसेवी श्री संजय शुक्ला के निवास पर हुई, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। घटना को लेकर ब्राह्मण समाज, हिंदू संगठनों और स्थानीय नागरिकों में आक्रोश बढ़ता गया। बड़ी संख्या में लोग शुक्ला के समर्थन में इकट्ठा हुए और कोतवाली पहुंचकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शनकारियों ने इस हमले को न केवल एक व्यक्ति पर, बल्कि पूरे हिंदू समाज की आस्था पर हमला करार दिया। उन्होंने मांग की कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की जाए और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। यदि प्रशासन समय रहते कार्रवाई नहीं करता, तो हालात बिगड़ सकते हैं, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। प्रदर्शन के दौरान सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध दर्ज किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं जिसमें 4-5 युवकों को पत्थर फेंकते हुए देखा गया है। उनकी पहचान की जा रही है और जल्द ही कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती कर दी गई है।

इस बीच मुस्लिम समाज ने भी नाहर दरवाजा थाने में शिकायती आवेदन दिया है। उनके अनुसार, संजय शुक्ला के पुत्र अनुभव शुक्ला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक ऐसी पोस्ट साझा की है, जिससे विशेष समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने हजरत इमाम के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई है और इस पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने डीएसपी स्तर के अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर धार्मिक भावनाओं को भड़काने के आरोप में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष दिनेश मिश्रा ने कहा कि संजय शुक्ला द्वारा पूर्व में शांति समिति की बैठक में डीजे की आवाज को लेकर आपत्ति जताई गई थी, जिससे कुछ असंतुष्ट तत्वों ने यह दुर्भाग्यपूर्ण प्रतिक्रिया दी। शुक्ला को बाद में धमकियां भी मिली हैं, जिसकी पुलिस में शिकायत की गई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया ने बताया कि घटना को गंभीरता से लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों से प्राप्त आवेदन लेकर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है और अपील की है कि शहर की शांति एवं सौहार्द को बनाए रखने में सभी सहयोग करें।

Related Articles

Back to top button