देवास नामांतरण के लिए रिश्वत की मांग का आरोप, पीडि़त ने जनसुनवाई में कलेक्टर को दिया आवेदन,

देवास। नामांतरण (भूमि का रिकॉर्ड अपडेट) प्रक्रिया में रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप सामने आए हैं। ग्राम नापाखेड़ी, तहसील एवं जिला देवास के निवासी ईश्वरलाल पटेल ने मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर कार्यालय में एक लिखित शिकायत प्रस्तुत कर आरोप लगाया है कि मोजा पटवारी द्वारा नामांतरण के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायतकर्ता ने पूर्व में भी आवेदन दिया, लेकिन कार्यवाही नही हुई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने ग्राम नापाखेड़ी में स्थित अपनी भूमि सर्वे नंबर 698/2/2,698/2/3,698/2/1 पर नामांतरण के लिए आवेदन किया था। इसके लिए मोजा पटवारी सोनू चौकसे द्वारा पहले 20,000 रुपए की मांग की गई। रकम देने के बावजूद नामांतरण नहीं किया गया। पटवारी से जब नांमातरण के संबंध में चर्चा की तो उन्होंने अतिरिक्त 10,000 रुपए की मांग की गई। शिकायतकर्ता ने पटवारी पर आरोप लगाया कि पैसे नही दिए तो गलत रिपोर्ट प्रस्तुत कर नामांतरण निरस्त करवाने को कहा। ईश्वरलाल पटेल का आरोप है कि बार-बार रिश्वत मांगे जाने और नामांतरण कार्य में अनावश्यक देरी से वे मानसिक रूप से परेशान हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया को लेकर वे पूर्व में आवेदन कर चुके हैं, लेकिन उचित कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार को पुन: कलेक्टर के समक्ष शिकायत प्रस्तुत कर पीडि़त ने नामांतरण शीघ्र कराने की मांग करते हुए 20 हजार रूपए वापस दिलाने एवं दोषी पटवारी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस मामले को लेकर देखना होगा कि कलेक्टर कार्यालय इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है।




























