₹25.90 लाख संपत्तिकर बकाया, देवास वॉटर प्रोजेक्ट कंपनी सील,

देवास। संपत्तिकर की बकाया राशि जमा नहीं करने पर नगर निगम ने शुक्रवार 21 अगस्त को देवास वॉटर प्रोजेक्ट प्रा. लि. के खिलाफ तालाबंदी और सील की कार्रवाई की। कंपनी पर निर्माण एवं व्यवसायिक उपयोग की भूमि का ₹25 लाख 90 हजार संपत्तिकर बकाया था।
निगम के अनुसार वर्ष 2021-22 से कंपनी को निर्माण और एमओयू से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने तथा कर जमा करने के लिए पत्राचार किया जा रहा था, लेकिन दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। इसके बाद निगम ने GIS सर्वे के आधार पर निर्माण एवं उपयोग की भूमि का मापन कर वर्ष 1997 से संपत्तिकर का स्वनिर्धारण किया।

सूचना देने के बावजूद बकाया कर जमा नहीं किए जाने पर निगमायुक्त दलीप कुमार के निर्देशन में राजस्व विभाग की टीम ने कुर्की एवं तालाबंदी की कार्रवाई करते हुए कंपनी को सील कर दिया।
कार्रवाई के दौरान निगम उपायुक्त दीपक पटेल, राजस्व अधिकारी अनुभूति श्रीवास्तव, आरएसआई मनोरमा बर्मन सहित निगम की टीम मौजूद रही।




























