देवास में आस्था पर शराब का साया! मंदिर के पास खुली दुकान से भड़के रहवासी,

देवास : मंदिर के पास शराब दुकान खोलने पर भड़के रहवासी, कलेक्टर से की बंद कराने की मांग शहर के उज्जैन रोड क्षेत्र में मंदिर के समीप शराब की दुकान खोले जाने को लेकर क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। स्थानीय नागरिकों ने इसे धार्मिक आस्था, सामाजिक मर्यादा और शासन के नियमों का खुला उल्लंघन बताते हुए कलेक्टर कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उज्जैन रोड स्थित नगर निगम कॉलोनी में रोड पर बने शिव मंदिर के बेहद पास कुछ महीनों पूर्व शराब की दुकान खोल दी गई है। जबकि शासन के स्पष्ट नियमों के अनुसार शराब की दुकान मंदिर, स्कूल और रहवासी क्षेत्रों से दूर होनी चाहिए।
मंदिर में बच्चों-महिलाओं का रोज़ाना आना-जाना
क्षेत्रवासियों का कहना है कि उक्त मंदिर में प्रतिदिन बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं आम नागरिकों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में मंदिर के पास शराब दुकान खुलने से सामाजिक माहौल खराब हो रहा है और धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।
लाइसेंस कहीं और, दुकान कहीं और!
इतना ही नहीं, उज्जैन रोड पर एक अन्य शराब दुकान जो विकास व्यास के नाम से लाइसेंसी बताई जा रही है, उसका स्थान उत्तम नगर दर्शाया गया है, लेकिन वास्तविक रूप से वह इटावा कैंसर होटल के पास रहवासी क्षेत्र में संचालित हो रही है। इससे आए दिन शराबियों द्वारा हंगामा, झगड़े और गाली-गलौज की घटनाएं सामने आ रही हैं।
रहवासियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि शीघ्र ही शराब दुकानों को नियमानुसार मंदिर और रहवासी क्षेत्र से दूर नहीं किया गया, तो वे मजबूरन उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
जन-सुनवाई में उठाया गया मामला
इस संबंध में दुष्यंत पाटीदार सहित क्षेत्रवासियों ने कलेक्टर देवास को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन जन-सुनवाई के दौरान कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत किया गया।
अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन धार्मिक स्थल और रहवासी क्षेत्र की गरिमा को बनाए रखने के लिए कब तक ठोस कार्रवाई करता है।














