श्मशान घाट हेतु जमीन की मांग को लेकर नाथ समाज ने कलेक्टर को जनसुनवाई में सौंपा आवेदन,

देवास। श्मशान घाट के लिए भूमि उपलब्ध कराए जाने की मांग को लेकर जिले के ग्राम खटाम्बा व दुर्गा नगर निवासी नाथ सम्प्रदाय के लोग मंगलवार को जनसुनवाई में जिला कलेक्टर के समक्ष पहुंचे। अ.भा. घुमक्कड़ जनजाति नाथ समाज के जिला अध्यक्ष भगवान सिंह नाथ के नेतृत्व में समाजजनों ने आवेदन सौंपकर अपनी वर्षों पुरानी समस्या से प्रशासन को अवगत कराया। आवेदनकर्ता अमनाथ पिता शंकर नाथ ने बताया कि ग्राम खटाम्बा क्षेत्र में नाथ समाज की बड़ी बस्ती है, जहां लगभग तीन हजार से अधिक लोग निवासरत हैं। समाज में किसी व्यक्ति के निधन के बाद अंतिम संस्कार के लिए उचित श्मशान भूमि नहीं होने से भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। दुर्गानगर क्षेत्र में कई परिवार ऐसे हैं जिनके पास रहने तक की समुचित व्यवस्था नहीं है, ऐसे में अंतिम संस्कार के लिए स्थान ढूंढना और भी मुश्किल हो जाता है। समाजजनों ने बताया कि मजबूरी में कई बार सड़क किनारे शवदाह करना पड़ता है, जबकि दफनाने के लिए पहाड़ी क्षेत्र का उपयोग किया जाता था। लेकिन अब उस स्थान पर वन विभाग द्वारा कब्जा कर लिया गया है और वहां दफनाने से रोका जा रहा है। समाज का कहना है कि वे पिछले करीब 20 वर्षों से उसी स्थान पर दफन करते आ रहे थे, लेकिन अब उन्हें वहां से हटाया जा रहा है। नाथ समाज के लोगों ने कलेक्टर से श्मशान के लिए वैकल्पिक भूमि आवंटित करने की मांग की, ताकि उनकी सामाजिक एवं धार्मिक परंपराएं सुरक्षित रह सकें। इस अवसर पर पप्पू नाथ, रघुनाथ, तुफान नाथ, दिनेश नाथ सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।














