देवास: सोनकच्छ तहसील क्षेत्र के ग्राम चौबारा जागीर में पटवारी की लापरवाही से किसान की निजी भूमि पट्टे पर, डेढ़ साल से परेशान किसान,

देवास। सोनकच्छ तहसील क्षेत्र के ग्राम चौबारा जागीर में एक गंभीर प्रशासनिक लापरवाही सामने आई है, जहाँ पटवारी की गलती के कारण किसान विक्रम कलेसरिया पिता नंदराम कलेसरिया की 1.5 बीघा निजी भूमि को पट्टे की भूमि में दर्ज कर दिया गया है। इस गलती के चलते पीडि़त किसान को पिछले डेढ़ वर्ष से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान विक्रम कलेसरिया ने अपनी व्यथा रखते हुए बताया कि इस लापरवाही के कारण वे न तो सरकारी योजनाओं का लाभ ले पा रहे हैं और न ही अपनी भूमि का समुचित उपयोग कर पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार सोनकच्छ तहसील कार्यालय और देवास कलेक्टर कार्यालय में आवेदन दिए गए हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो पाई है। जनसुनवाई के दौरान किसान विक्रम कलेसरिया के साथ विनोद कलेसरिया, विक्की मालवीय, राहुल ठाकुर, रामप्रसाद दूजावारा एवं पवन आंवले ने उपस्थित होकर प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की। साथ ही संबंधित पटवारी के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने एवं पीडि़त किसान की भूमि को पुन: सही रिकॉर्ड में दर्ज करने की मांग की।















