अपना जिलाक्राइमख़बरे जरा हटकेदेश-विदेशपुलिस प्रशासनप्रदेशस्पोर्ट्स

तीन माह से वेतन और प्रोत्साहन राशि न मिलने पर आशा कार्यकर्ताओं का आक्रोश, देवास में किया प्रदर्शन

देवास। महात्मा गांधी चिकित्सालय देवास के प्रांगण में मंगलवार को जिलेभर की आशा कार्यकर्ताओं ने वेतन और प्रोत्साहन राशि का भुगतान न होने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने बताया कि उन्हें पिछले तीन महीनों से न तो वेतन मिला है और न ही प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया गया है। आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि नवरात्रि, दशहरा और दीपावली जैसे बड़े त्योहार बीत गए, फिर भी उन्हें कोई भुगतान नहीं किया गया। तीन माह से बिना पारिश्रमिक के परिवार चलाना बेहद कठिन हो गया है। दूर-दराज के गांवों से आई महिलाएं सुबह से ही परिसर में अपनी समस्याएं लेकर पहुँचीं और आक्रोश व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मांग की कि उनके वेतन और प्रोत्साहन राशि का अतिशीघ्र भुगतान किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी जायज मांगों को जल्द नहीं माना गया तो वे भोपाल तक आंदोलन करने को बाध्य होंगी। इस मौके पर मानव अधिकार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष श्री मनोज मिश्र ने भी पहुंचकर महिलाओं की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों से तत्काल समाधान की मांग की। प्रदर्शन में प्रेमलता पटेल, उर्मिला कुशवाहा, ज्योति परमार, अंजुम शेख, सरिता यादव, सुनीता बाथम, विद्या पांचाल, उषा शर्मा, मधुबाला, मंजू चौहान, ममता सूर्यवंशी, सविता चौहान, नफीसा खान सहित अनेक आशा कार्यकर्ता शामिल रहीं। महिलाओं का कहना है कि वे स्वास्थ्य सेवाओं में दिन-रात कार्य करती हैं, इसलिए सरकार को चाहिए कि उनकी मेहनत का सम्मान करते हुए समय पर भुगतान सुनिश्चित करे।

Related Articles

Back to top button