देवास में तौल घोटाला उजागर: वेयरहाउस के तोल कांटे में गड़बड़ी, नापतोल विभाग की भूमिका पर उठे सवाल,

देवास के शंकरगढ़ पहाड़ी क्षेत्र स्थित एक वेयरहाउस में तौल घोटाले का मामला सामने आया है। आरोप है कि वेयरहाउस परिसर के बाहर लगे तोल कांटे पर हर ट्रक से करीब 1 से 1.5 क्विंटल तक अनाज कम तौला जा रहा था, जिससे वाहन मालिकों और व्यापारियों को भारी नुकसान हो रहा था।
मामला तब सामने आया जब ट्रक मालिक गोलू शर्मा ने वेयरहाउस से माल भरने के बाद दूसरी जगह तौल करवाई। दूसरी तौल में वजन कम निकलने पर उन्होंने वेयरहाउस प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। बाद में मौके पर बाट रखकर जांच करने पर भी कांटा अधिक वजन दिखाता पाया गया।
व्यापारियों का आरोप है कि यदि रोजाना करीब 50 ट्रकों की आवाजाही होती है, तो प्रतिदिन लगभग 50 क्विंटल अनाज की हेराफेरी हो रही है, जो करोड़ों के घोटाले की ओर इशारा करता है।
मौके पर अव्यवस्थाएं भी सामने आईं। पर्याप्त रोशनी और व्यवस्थाओं के अभाव में छोटा जनरेटर चलाकर रात में तौल का काम किया जा रहा था। देर रात तक ट्रक मालिकों और चालकों की भीड़ के कारण अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
मामले की शिकायत प्रशासन को दी गई। एसडीएम और तहसीलदार स्तर पर तत्काल कार्रवाई नहीं होने पर मामला कलेक्टर ऋतुराज सिंह तक पहुंचा। इसके बाद नापतोल विभाग को जांच के निर्देश दिए गए।
दबाव बढ़ने के बाद रात करीब 11 बजे नापतोल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए संबंधित तोल कांटे को सील कर दिया।
इस पूरे मामले ने नापतोल विभाग की कार्यप्रणाली और वेयरहाउस प्रबंधन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।















